158 बकरा-बकरी का अवैध और क्रूरतापूर्वक परिवहन, कुठला पुलिस ने ट्रक समेत 4 आरोपियों को पकड़ा
कटनी। कुठला थाना पुलिस ने पशुओं के अवैध एवं क्रूरतापूर्वक परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 158 बकरा-बकरियों से भरे ट्रक को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक एवं पशुओं को जप्त किया है। बरामद पशुओं की अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रक क्रमांक MP20XB8464 में बड़ी संख्या में बकरा-बकरियों को क्षमता से अधिक भरकर पटेहरा की ओर से कटनी लाया जा रहा है। सूचना पर कुठला पुलिस ने देवडोगरा मोड़ पर घेराबंदी कर ट्रक को रोककर तलाशी ली।
जांच के दौरान ट्रक में 158 बकरा-बकरियां क्षमता से अधिक संख्या में भूखे-प्यासे और क्रूरतापूर्वक भरे मिले। पशुओं के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अनुज्ञापत्र भी प्रस्तुत नहीं किया गया। पूछताछ में पशुओं को हैदराबाद ले जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने ट्रक चालक अफसर उर्फ राजा, बल्लू वर्मन, रजी और सुनील कुशवाहा को गिरफ्तार किया। सभी के विरुद्ध थाना कुठला में अपराध क्रमांक 742/26 के तहत पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(घ) सहित मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
पुलिस ने 158 बकरा-बकरियों और ट्रक को विधिवत जप्त कर पशुओं को सुरक्षित देखरेख के लिए हिफाजतनामा पर सुपुर्द किया तथा उनका चिकित्सीय परीक्षण भी कराया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एएसआई तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक केशव मिश्रा, सुनील पाण्डेय, आरक्षक शिशिर पाण्डेय सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
