बड़वारा पुलिस ने गेहूं-उड़द चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार, चोरी का माल बरामद

कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम रूपौंद में घर से गेहूं और उड़द की चोरी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया अनाज भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, फरियादी ने 24 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घर के हाल में करीब 150 बोरी गेहूं और 2 बोरी उड़द रखा था। सुबह अनाज की जांच करने पर 6 बोरी गेहूं और 2 बोरी उड़द गायब मिले। चोरी गए अनाज की कुल कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान बड़वारा पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और संदेही शिवकुमार चौधरी (26), निवासी ग्राम रूपौंद को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया गेहूं और उड़द बरामद कर जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

विशेष भूमिका: कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक मोनेन्द्र सिंह और सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह की विशेष भूमिका रही।