जयपुर में पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के सौर ऊर्जा प्रशिक्षण कैप्सूल का समापन
27 प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित, रोजगार से जोड़ने के प्रयास जारी
जयपुर, 8 अगस्त। जयपुर मिलिट्री स्टेशन स्थित मानेकशॉ हॉल में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के कौशल विकास के लिए आयोजित दो सप्ताह के सौर ऊर्जा संचालन प्रणाली प्रशिक्षण कैप्सूल का शनिवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण का आयोजन एडब्ल्यूपीओ जयपुर एवं मुख्यालय 61 सब एरिया के तत्वावधान में सहयोग केयर फाउंडेशन, नई दिल्ली के सहयोग से किया गया।
27 जुलाई से 8 अगस्त तक चले इस प्रशिक्षण में 22 पूर्व सैनिकों एवं 5 वीर नारियों सहित कुल 27 प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि जयपुर स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर संजय शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। कर्नल (डॉ.) देव आनंद लोहमारोड़, राष्ट्रीय अध्यक्ष, भूतपूर्व सैनिक विकास समिति विशिष्ट अतिथि रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल राजेश भुकर, निदेशक एडब्ल्यूपीओ ने की।
मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर संजय शर्मा ने पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के कौशल विकास, कल्याण और पुनर्वास के लिए एडब्ल्यूपीओ के प्रयासों की सराहना करते हुए प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नए कौशल से पूर्व सैनिकों के अनुभव को जोड़कर उनके लिए रोजगार के बेहतर अवसर तैयार किए जा सकते हैं।
कर्नल (डॉ.) देव आनंद लोहमारोड़ ने कहा कि कर्नल राजेश भुकर के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को उपलब्ध विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना भी आवश्यक है।
समापन अवसर पर कर्नल राजेश भुकर ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, प्रशिक्षकों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को नए रोजगार क्षेत्रों के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों को निजी कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि प्रशिक्षण को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ा जा सके।
समारोह में सैन्य अधिकारियों, एडब्ल्यूपीओ प्रतिनिधियों, प्रशिक्षकों तथा पूर्व सैनिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
Priyanka Mali state head Rajasthan
