कटनी में फैशन डिजाइनिंग और इंटीरियर डेकोरेशन की ट्रेनिंग, 300 से अधिक छात्राओं ने लगाई प्रदर्शनी

अब दूसरे शहर जाने की जरूरत नहीं, कैडेंस एकेडमी में मिल रही व्यावसायिक शिक्षा की सुविधा

कटनी। फैशन डिजाइनिंग और इंटीरियर डेकोरेशन के क्षेत्र में करियर बनाने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए कटनी में ही बेहतर अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। माधवनगर गेट के पास डीएलजी मॉल में कैडेंस एकेडमी द्वारा फैशन डिजाइनिंग एवं इंटीरियर डेकोरेशन की प्रदर्शनी आयोजित की गई, जिसका अतिथियों ने फीता काटकर शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित उद्योगपति मनीष गेई ने कहा कि महानगरों की तर्ज पर कटनी में भी व्यवसायिक शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होना विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण के लिए बच्चों को दूसरे शहरों का रुख करने की जरूरत नहीं है।

प्रदर्शनी में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए फैशन डिजाइनिंग और इंटीरियर डेकोरेशन के विभिन्न मॉडल एवं डिजाइन प्रदर्शित किए गए, जिन्हें अतिथियों और दर्शकों ने खूब सराहा।

एकेडमी की संचालक अनुराधा कोरी ने बताया कि कटनी में पिछले चार वर्षों से फैशन डिजाइनिंग एवं इंटीरियर कोर्स का संचालन किया जा रहा है। अब तक 300 से अधिक छात्राएं इस पाठ्यक्रम से जुड़ चुकी हैं। प्रदर्शनी में इन्हीं छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा और हुनर को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं विश्व हिंदू परिषद के जिला संयोजक लखन साहू, वरिष्ठ पार्षद मौसुफ अहमद बिट्टू, स्वाति पाठक, आकांक्षा बरसैन्या एवं शालिनी जायसवाल सहित विशिष्ट अतिथि माही तिवारी, सोनिया चौरसिया, प्रिया अग्रवाल, मंजू शर्मा, निहारिका शर्मा एवं रेणु गोस्वामी मौजूद रहीं।

एकेडमी संचालक शशिकांत कोरी एवं अनुराधा कोरी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। प्रदर्शनी में छात्राओं की रचनात्मकता और डिजाइनिंग कौशल ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।