15 जिलों के 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, राज्य स्तरीय स्क्वाय चैंपियनशिप का भव्य समापन
ग्वालियर। नोबल माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल, ग्वालियर में आयोजित प्रथम मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय स्क्वाय मार्शल आर्ट्स चैंपियनशिप–2026 का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के 15 जिलों से लगभग 200 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा और मार्शल आर्ट्स कौशल का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि श्री महेंद्र सिंह यादव, अध्यक्ष अपेक्स बैंक मध्यप्रदेश शासन रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री जंडेल सिंह गुर्जर ने की। विशिष्ट अतिथियों में श्री मुलायम सिंह यादव, जिलाध्यक्ष भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ग्वालियर, श्री अभिषेक हरसाना, महामंत्री भाजपा युवा पिछड़ा वर्ग मोर्चा, श्री होतम सिंह लोधी, अध्यक्ष किसान मोर्चा भाजपा, श्री रूपेश राजपूत एवं विद्यालय संचालक श्री सुनील कुमार कुशवाह उपस्थित रहे।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। समारोह में विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता में राष्ट्रीय निर्णायक शरद मंडलोई, आयुष दुबे एवं अभिषेक ने निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्क्वाय मार्शल आर्ट्स प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
आयोजनकर्ता मालवा स्क्वाय मार्शल आर्ट्स एसोसिएशन, मध्यप्रदेश के महासचिव सूरज राठौर ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रदेश में पारंपरिक मार्शल आर्ट्स को बढ़ावा देना और ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान करना है। उन्होंने सभी अतिथियों, जिला टीमों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
