15 करोड़ की ज्वेलरी चोरी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता, कोलकाता से मुख्य आरोपी बदरुद्दीन शाह गिरफ्तार

बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड शोरूम में हुई सनसनीखेज चोरी का एक आरोपी पकड़ाया, झारखंड के साहिबगंज का रहने वाला है आरोपी, चोरी के माल और अन्य साथियों की तलाश में जुटी पुलिस

कटनी। बरगवां स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में कटनी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लगातार सुराग तलाश रही पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से चोरी के एक मुख्य आरोपी को पश्चिम बंगाल के कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। इस गिरफ्तारी के बाद बहुचर्चित चोरी कांड की गुत्थी सुलझने की उम्मीद बढ़ गई है।

कोलकाता में मिली लोकेशन, विशेष टीम ने दबोचा

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान बदरुद्दीन शाह के रूप में हुई है, जो झारखंड के साहिबगंज का निवासी है। शोरूम में चोरी की वारदात के बाद से ही पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर बदरुद्दीन शाह की लोकेशन कोलकाता में ट्रेस की गई। इसके बाद कटनी पुलिस की विशेष टीम को तत्काल कोलकाता रवाना किया गया, जहां शनिवार को घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लाई पुलिस

कोलकाता से गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर कटनी लेकर पहुंची। रविवार को उसे जिला न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की मांग पर न्यायालय ने आरोपी को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है, जिसके बाद उससे पूछताछ की जा रही है।

कहां छिपाई गई चोरी की ज्वेलरी, किन-किन लोगों का हाथ?

इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल चोरी गई बेशकीमती ज्वेलरी की बरामदगी को लेकर है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी का माल बरामद नहीं हुआ है। पुलिस रिमांड के दौरान उससे चोरी की ज्वेलरी के ठिकाने, वारदात में शामिल अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।

करोड़ों की इस चोरी ने कटनी में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाएं तेज कर दी थीं। अब एक मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और चोरी गया माल कब बरामद होता है, इस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

कटनी पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, हालांकि चोरी गए माल की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।