350 जरूरतमंद बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान, विद्यालोक फाउंडेशन ने उपहारों के साथ मनाई दिवाली

2019 से लगातार जारी है ‘मुस्कान की दिवाली’ अभियान, बस्तियों में पहुंचकर बच्चों को बांटे नए कपड़े, फल और जरूरत का सामान

कटनी। दीपावली की खुशियां केवल अपने घरों तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचे, इसी उद्देश्य को लेकर विद्यालोक वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा चलाया जा रहा सेवा अभियान ‘मुस्कान की दिवाली’ इस वर्ष भी शहर की विभिन्न बस्तियों में उत्साह और आत्मीयता के साथ आयोजित किया गया। अभियान के तहत माली समाज सहित आसपास की बस्तियों के करीब 350 जरूरतमंद बच्चों को नए कपड़े, ताजे फल, नमकीन, बिस्किट और दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विख्यात समाजसेविका स्वाति पाठक शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साह बढ़ाया और संस्था के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 से लगातार जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां बांटने का प्रयास बेहद प्रेरणादायक है। दीपावली की असली खुशी दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने में ही है।

फाउंडेशन के अध्यक्ष अरजीत खरे, सचिव मयंक त्रिसोलिया, महामंत्री विप्रांशु पटेल एवं महामंत्री दशमीत सिंह के मार्गदर्शन में पूरे अभियान का सफल आयोजन किया गया। संस्था के सदस्यों ने बस्तियों में पहुंचकर बच्चों को उपहार वितरित किए और उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।

इस सेवा अभियान में अमन सुहाने, रोहित गट्टानी, अंशिका, भवानी कनौजिया, अंशू हरबोल, जय सोनी, सुशील तिवारी, अभिनव, आदर्श पटेल, अनुराग सोनी, प्रभात विश्वकर्मा, पलक जैन, रिया मंग्लानी, अभिनव तिवारी, उद्देश्य गुप्ता, अभय पांडे, संकल्प खरे, मनाली निषाद, जया थापा एवं रिचा सहित संस्था के अन्य सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही।

संस्था का यह अभियान संदेश दे गया कि दीपावली की सबसे खूबसूरत रोशनी दीयों में नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के चेहरे पर खिली मुस्कान में होती है।