आईटीआई में 20 नवम्बर को लगेगा विशेष शिविर

युवाओं संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में प्रवेश संबंधी प्रक्रिया बताई जायेगी

शिविर स्थल पर ही पंजीयन की सुविधा

ग्वालियर, 17 नवम्बर 2026/ युवाओं को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा से जोड़ने तथा उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), ग्वालियर में 20 नवम्बर को एक दिवसीय प्रवेश शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर प्रातः 10 बजे से शुरू होगा। इसमें भोपाल स्थित संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क में संचालित प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के इच्छुक युवाओं को विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई) के प्राचार्य से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य कौशल विकास एवं रोजगार जनरेशन बोर्ड के निर्देशानुसार कौशल संवर्धन अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में युवाओं को ग्लोबल स्किल्स पार्क में उपलब्ध विभिन्न आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया तथा प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारियां दी जाएंगी। यह शिविर अधिक से अधिक युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण से जोड़कर उनके रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

शिविर में संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल्स पार्क, भोपाल से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके विद्यार्थियों को भी आमंत्रित किया गया है। ये विद्यार्थी अपने प्रशिक्षण के अनुभव साझा करेंगे और नए विद्यार्थियों को प्रशिक्षण तथा रोजगार की संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन देंगे।

प्राचार्य ने बताया कि शिविर में आने वाले विद्यार्थियों और अभिभावकों की सुविधा के लिए मौके पर ही पंजीय की व्यवस्था भी की गई है। युवाओं से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों की जानकारी प्राप्त करें और इस अवसर का लाभ उठाएं।