कोटा। कोटा के दादाबाड़ी थाना क्षेत्र में भारत विकास परिषद अस्पताल में हुई हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त कटार भी बरामद कर जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 12 नवंबर को रुचिका जैन अपने पति मौलिक जैन के साथ बीमार मां से मिलने भारत विकास परिषद अस्पताल पहुंची थीं। सुबह करीब 10 बजे अस्पताल के आईसीयू के सामने वेटिंग रूम में बैठे मौलिक जैन पर रुचिका के भाई कपिल जैन ने धारदार हथियार से सीने पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की रिपोर्ट पर दादाबाड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुभाषचन्द्र मीणा के निर्देशन, सीओ प्रथम मनीष शर्मा के सुपरविजन और थानाधिकारी बलदेव राम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कपिल जैन को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कटार बरामद कर जब्त की है। आरोपी पुलिस रिमांड पर है और उससे पूछताछ व अनुसंधान जारी है।
