आठ साल से सेवा की मिसाल कायम! ग्वालियर में निशुल्क नेत्र शिविर से जरूरतमंदों को मिल रही नई रोशनी

ग्वालियर। सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए ग्वालियर में पिछले आठ वर्षों से जरूरतमंद मरीजों के लिए निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन लगातार किया जा रहा है। रतन ज्योति नेत्रालय (सेंटर फॉर साइट), ग्वालियर एवं गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस शिविर में ग्वालियर सहित आसपास के अंचलों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचकर निशुल्क नेत्र परीक्षण का लाभ ले रहे हैं।

यह कार्यक्रम स्वर्गीय श्रीमती आशा देवी जैन की स्मृति में गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट (रजि.), ग्वालियर एवं रतन ज्योति चैरिटेबल फाउंडेशन ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित किया जाता हैं

शिविर के आयोजन और व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए डॉ. राजीव भार्गव ने बताया कि यह सेवा अभियान पिछले आठ वर्षों से निरंतर जारी है। कोविड काल में भी मरीजों की सेवा का सिलसिला नहीं रुका। शिविर में मरीजों की आंखों की निशुल्क जांच की जाती है और मोतियाबिंद के लिए चयनित मरीजों का मेडिकल जांच के बाद निशुल्क ऑपरेशन कराया जाता है।

उन्होंने बताया कि जिन मरीजों का बीपी, शुगर और अन्य मेडिकल पैरामीटर सामान्य पाए जाते हैं, उनका निशुल्क ऑपरेशन किया जाता है। वहीं, अन्य मेडिकल समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को आवश्यक मेडिकल क्लीयरेंस के बाद दूसरी तकनीक से उपचार की सुविधा दी जाती है।

वहीं, शिविर में पहुंचे लाभार्थियों ने भी यहां मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं और डॉक्टरों एवं कर्मचारियों के व्यवहार की सराहना की। मरीजों का कहना है कि शिविर में उन्हें बेहतर उपचार और सहयोग मिल रहा है तथा डॉक्टर और कर्मचारी पूरी निष्ठा से मरीजों की सेवा में जुटे हुए हैं।

रतन ज्योति नेत्रालय और गुरुदेव चैरिटेबल ट्रस्ट की यह पहल पिछले आठ वर्षों से जरूरतमंदों के जीवन में रोशनी लाने का सराहनीय प्रयास बनी हुई है।