बरही में दीपावली की रात मौत का तांडव! तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, दो माह के मासूम समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

दमकल वाहनों की खराब पाइप ने बढ़ाई मुश्किलें, रातभर जिंदगी और मौत के बीच चला संघर्ष; राहत कार्य में देरी और प्रशासनिक व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कटनी/बरही। दीपावली की रात जब पूरा देश दीपों की रोशनी में खुशियां मना रहा था, उसी वक्त कटनी जिले के बरही नगर में एक भीषण अग्निकांड ने खुशियों को मातम में बदल दिया। रात करीब 12 बजे पूरन अग्रवाल एवं रितेश अग्रवाल की क्राकरी दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 77 वर्षीय पूरन अग्रवाल, उनकी पत्नी चंद्रकला (74), बहू पूनम, नातिन आर्या (14), अन्वी (6) और महज दो माह के मासूम सहित परिवार के छह सदस्यों की जान चली गई।

पूरी रात आग की लपटों और घने धुएं के बीच परिवार के सदस्यों को बचाने की कोशिशें होती रहीं, लेकिन राहत एवं बचाव कार्य में आई बाधाओं के चलते छह जिंदगियां नहीं बचाई जा सकीं। सुबह करीब 4:30 बजे पूरन अग्रवाल को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 6:30 बजे जेसीबी की मदद से इमारत की दीवार तोड़कर परिवार के अन्य पांच सदस्यों को बाहर निकाला गया। इस हृदयविदारक दृश्य ने पूरे बरही नगर को झकझोर कर रख दिया।

दमकल वाहनों की फटी पाइप ने खोली व्यवस्था की पोल

इस हादसे के बाद नगर की अग्निशमन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय जानकारी के अनुसार आग लगने के लगभग एक घंटे बाद रात करीब एक बजे नगर परिषद बरही का दमकल वाहन घटनास्थल पहुंचा, लेकिन उसकी पाइप फटी हुई थी। करीब डेढ़ घंटे बाद विजयराघवगढ़ से पहुंची दमकल गाड़ी की पाइप में भी खराबी बताई गई। नतीजतन आग बुझाने के प्रयासों में बाधा आई और समय पर प्रभावी राहत नहीं मिल सकी।

बाद में कैमोर और कटनी से दमकल वाहन बुलाए गए। आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए सुबह तक अभियान चलता रहा। सवाल यह है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर, जब आगजनी की घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, तब दमकल वाहनों की तकनीकी जांच और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित क्यों नहीं की गई?

संकट की घड़ी में प्रशासनिक मौजूदगी पर सवाल

इतने बड़े हादसे के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों की समय पर मौजूदगी को लेकर भी नाराजगी जताई। लोगों के अनुसार सुबह करीब चार बजे तक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने से राहत कार्य को लेकर सवाल उठते रहे। लोगों ने तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाने की बात भी सामने आई।

सुबह करीब चार बजे बरही पुलिस के एसआई विनोदकांत सिंह और दिनेश सिंह बघेल मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू अभियान में सहयोग किया। सुबह सात बजे विजयराघवगढ़ से एसडीओपी विनरेंद्र धारवे भी घटनास्थल पहुंच गए। नगर परिषद अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल और कर्मचारी तीरथ चतुर्वेदी रिंकू पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत कार्य में जुटे रहे।

बरही के युवाओं ने जान जोखिम में डालकर किया सहयोग

जब आग की लपटें लगातार विकराल हो रही थीं, तब बरही नगर के युवाओं ने भी मानवता और साहस की मिसाल पेश की। मदन सोनी, कृष्णकांत ताम्रकार, पिंटू ताम्रकार सहित अन्य युवाओं ने दमकल कर्मियों के साथ मिलकर आग बुझाने और बचाव कार्य में सहयोग किया। पूरी रात ये युवा पीड़ित परिवार को बचाने की उम्मीद में प्रयास करते रहे।

रितेश और उनकी भाभी सुरक्षित निकले, छह सदस्य फंसे रह गए

हादसे के दौरान रितेश अग्रवाल और उनकी भाभी किसी तरह इमारत से बाहर निकलने में सफल रहे। बताया गया कि आग की लपटें देखकर दोनों ने शोर मचाया और बाहर की ओर भागे, लेकिन परिवार के अन्य सदस्य आग और धुएं के बीच इमारत में फंसे रह गए।

मां की गोद में लिपटा दो माह का मासूम भी नहीं बच सका

इस पूरे हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू दो माह के मासूम की मौत रही, जो अपनी मां पूनम के साथ तीसरी मंजिल के कमरे में मौजूद था। जिस उम्र में बच्चे को दुनिया की समझ भी नहीं होती, उस उम्र में आग ने उसकी जिंदगी छीन ली। परिवार की दोनों मासूम बेटियां आर्या और अन्वी तथा बुजुर्ग दंपती भी इस अग्निकांड में काल के गाल में समा गए।

छह मौतों के बाद जवाबदेही तय करने की मांग

बरही का यह अग्निकांड केवल एक परिवार की दर्दनाक त्रासदी नहीं, बल्कि नगर की अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर बड़ा सवाल है। दमकल वाहनों की खराब पाइप, राहत कार्य में आई बाधाएं और प्रशासनिक अधिकारियों की कथित देरी की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि यदि दमकल वाहन पूरी तरह दुरुस्त होते और राहत कार्य समय पर प्रभावी ढंग से शुरू होता, तो क्या इन छह जिंदगियों को बचाया जा सकता था? आखिर इस भयावह लापरवाही की जिम्मेदारी कौन लेगा?

बरही आज शोक में है, लेकिन इस हादसे से उठे सवालों के जवाब मिलना भी जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।