बारिश की फुहारों के बीच शुरू हुआ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन

कृत्रिम विसर्जन कुंडों में भक्तिभाव से विदा हो रहे विघ्नहर्ता, नगर निगम ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान

कटनी। गणेश अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शहर के विभिन्न विसर्जन घाटों में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन प्रारंभ हो गया है। बारिश की फुहारों के बीच श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ विघ्नहर्ता को विदाई दे रहे हैं।

पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालु नगर निगम द्वारा बनाए गए कृत्रिम विसर्जन कुंडों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासनिक अमला लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए है, ताकि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

बारिश के बावजूद गणपति बप्पा को अंतिम विदाई देने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय नजर आ रहा है।