भक्ति और उत्साह के बीच कल से सजेगा ऐतिहासिक कटाएघाट मेला, भव्य शोभायात्रा से होगा शुभारंभ

मधई मंदिर से दोपहर 2 बजे निकलेगी श्री बजरंग बली की शोभायात्रा, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में होंगे शुभारंभ कार्यक्रम, मिशन चौक से वाहनों के जरिए मेला स्थल पहुंचेंगे श्रद्धालु

कटनी। शहर की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपरा का प्रतीक श्री बजरंग कटाएघाट मेला मंगलवार 24 नवंबर से पूरे धार्मिक उल्लास और उत्साह के साथ शुरू होने जा रहा है। मेले के शुभारंभ अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की विशेष मौजूदगी रहेगी। भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू होने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और नगरवासियों में उत्साह का माहौल है। कटाएघाट की प्राकृतिक सुंदरता के बीच लगने वाला यह मेला एक बार फिर शहर की धार्मिक और सांस्कृतिक छटा बिखेरेगा।

मेले के शुभारंभ अवसर पर मंगलवार को अपराह्न 2 बजे मधई मंदिर के समीप से भगवान श्री बजरंग बली की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, सुभाष चौक, झंडा बाजार एवं आजाद चौक होते हुए मिशन चौक पहुंचेगी। निर्धारित मार्ग से गुजरने वाली शोभायात्रा में श्रद्धालु धार्मिक उत्साह के साथ शामिल होंगे।

मिशन चौक से वाहनों द्वारा पहुंचेंगे श्रद्धालु

शोभायात्रा के मिशन चौक पहुंचने के बाद वहां से श्रद्धालु वाहनों के माध्यम से कटनी नदी के किनारे स्थित कटाएघाट मेला स्थल के लिए रवाना होंगे। मेला परिसर में भगवान श्री बजरंग बली की प्रतिमा की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही धार्मिक वातावरण में मेले का विधिवत शुभारंभ होगा।

आस्था, परंपरा और मनोरंजन का होगा संगम

कटाएघाट मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि नगर की सांस्कृतिक पहचान और वर्षों पुरानी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कटनी नदी के तट पर प्राकृतिक सौंदर्य के बीच आयोजित होने वाला यह मेला श्रद्धालुओं, परिवारों और बच्चों के लिए विशेष आकर्षण रखता है। मेले के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मेल-मिलाप और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है।

नगर निगम प्रशासन ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंगलवार को आयोजित भव्य शोभायात्रा एवं मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल एवं गरिमामय बनाएं।

24 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा मेला

उल्लेखनीय है कि श्री बजरंग कटाएघाट मेले का आयोजन 24 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। आठ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में नगरवासियों को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। अब कटनीवासियों को बेसब्री से मेले की रौनक और भव्य शुभारंभ का इंतजार है।