बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद नदी से निकाली गई नाव में बड़ा छेद मिला है। इस हादसे में 14 बच्चों की मौत हुई थी। मृत बच्चों की उम्र 10 से 14 साल के बीच बताई गई है।

प्रत्यक्षदर्शी रवि यादव के मुताबिक, बच्चे पास के गांव में श्राद्ध का भोज खाने के लिए नाव से गए थे। उन्होंने बताया कि गांव को कई साल पहले मिली नाव जर्जर हालत में थी और बच्चे ही उसे चला रहे थे। पूर्व विधायक एवं बीजेपी नेता सतीश राय ने भी नाव की खराब स्थिति का जिक्र किया है।

आशंका जताई जा रही है कि नाव में छेद होने और क्षमता से अधिक बच्चों के सवार होने के कारण उसमें पानी भर गया होगा, जिससे संतुलन बिगड़ने पर नाव पलट गई। हालांकि, हादसे की असली वजह और इन परिस्थितियों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी