बिलौआ में लगा जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर, मौके पर सुलझी समस्यायें

सीएम हैल्पलाइन की 427 शिकायतों का हुआ निराकरण तो मौके पर आईं 53 समस्यायें भी सुलझीं

दिव्यांगों के घर के नजदीक मिले दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, प्रियांशी को मिली ई-स्कूटी

उद्यमी संवाद ने दिखाई आत्मनिर्भरता की राह

निराकरण के लिये मौके पर पहुँची अधिकारियों की टीम

ग्वालियर 23 अक्टूबर 2026/ भूपेन्द्र रावत व मनेश चौरसिया अस्थि बाधित दिव्यांग हैं। वे दूसरों के सहारे से ही चल फिर पाते हैं। तनुष्का गुप्ता को बहुत कम दिखाई देता है। इन सभी को उनके घर के नजदीक ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाकर सौंपे गए। चरन सिंह, बाबू सिंह व राम बहादुर सिंह को ऐसे क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मिले, जिनसे वे बिना ब्याज के कृषि ऋण प्राप्त करने के हकदार बन गए। इसी तरह स्वामित्व योजना के तहत विभिन्न लोगों को आवासीय सम्पत्ति के वास्तविक मालिकाना हक के दस्तावेज तो विभिन्न बालिकाओं की माताओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर आयुष्मान व आधार कार्ड बने। मेधावी बालिका प्रियांशी ई-स्कूटी पर बैठकर खुशी-खुशी अपने घर के लिये रवाना हुईं। वहीं उद्यमी संवाद ने स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का रास्ता दिखाया।

यहाँ बात हो रही है “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शुक्रवार को बिलौआ में आयोजित हुए जन-विश्वास शिविर की । बिलौआ नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी चौरसिया की मौजूदगी में आयोजित हुए शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत एवं एसडीएम श्री राजीव समाधिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर ही जन समस्याओं का निराकरण किया तो जाहिर है आम जनता का सरकार के प्रति विश्वास मजबूत हुआ। शिविर में लगभग 53 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। बिलौआ में आयोजित हुए शिविर के माध्यम से सीएम हैल्पलाइन की 427 शिकायतों का निराकरण भी किया गया। मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने के लिये शिविर में मेडीकल बोर्ड बैठा। साथ ही आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड व केसीसी बनाने की विशेष व्यवस्था की गई थी। उद्यमी संवाद, इन्फ्लुयेंसर संवाद व किसान संवाद भी शिविर का आकर्षण रहे।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मौके पर राजस्व अधिकारियों की टीम भेजकर नामांकन, बटवारे व रास्ते की रुकावट जैसी समस्याओं का समाधान कराया। साथ ही बिलौआ की कुछ बस्तियों में जल भराव की समस्या का एक हफ्ते के भीतर स्थायी समाधान करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए।

उद्यमी संवाद में स्थानीय युवा हुए आत्मनिर्भरता के लिये प्रेरित

बिलौआ में लगे जन-विश्वास शिविर में स्थानीय एंटरप्रेन्योर (लघु उद्यमियों) ने अपनी सफलता के अनुभव साझा कर अन्य युवाओं को आत्मनिर्भरता के लिये प्रेरित किया। बिलौआ निवासी दिनेश कुशवाह ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से पाँच लाख रुपए का लोन लेकर ऑटो पार्ट्स के व्यवसाय को आगे बढ़ाया है। वे स्वयं तो आत्मनिर्भर बने ही हैं, उन्होंने चार अन्य लोगों को नौकरी दी है। इसी तरह कपिल झा ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से 25 लाख रुपए का लोन लेकर क्रेशर मशीनों में उपयोग होने वाले कन्वेयर बेल्ट का व्यवसाय शुरू किया है। उनका वार्षिक टर्नओवर लगभग पौने 2 करोड़ रुपए पहुँच गया है। इसी तरह हरिओम चौरसिया ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत मिले चार लाख रुपए के लोन से फलता-फूलता बैट्री उद्यम खड़ा किया है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से एक - एक लाख रुपए का लोन लेकर रामबाई मोती की माला और ममता बाई झाड़ू निर्माण का काम कर रही हैं। दोनों इस उद्यम से घर का खर्चा चलाने के साथ-साथ नियमित रूप से ऋण अदायगी भी कर रही हैं।