चार और जरूरतमंद महिलाएं बनीं ‘शक्ति दीदी’, थामा आत्मनिर्भरता का हाथ

ग्वालियर में महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बना शक्ति दीदी नवाचार

जिले में अब 136 महिलाएं पेट्रोल पंपों पर संभाल रहीं फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी

ग्वालियर 21 नवम्बर 2026/ कभी रोजगार की तलाश में घर की चौखट तक सीमित रहने वाली अपनों से उपेक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की जरूरतमंद महिलाएं पेट्रोल पंपों पर सफलतापूर्वक फ्यूल डिलेवरी की जिम्मेदारी संभाल रहीं हैं। इन महिलाओं के हाथ सिर्फ वाहनों में ईंधन ही नहीं भर रहे, बल्कि मान-सम्मान व आत्मविश्वास के साथ अपने और परिवारजनों के जीवन में सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई ऊर्जा भी भर रहे हैं। ग्वालियर जिले में ‘शक्ति दीदी’ के रूप में हुआ नवाचार महिला सशक्तिकरण की प्रेरक मिसाल बन गया है। शनिवार को जिले की 4 और जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी बनीं। जिले में अब 136 महिलाएं सफलतापूर्वक शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शक्ति दीदी नवाचार किया है। यह नवाचार जरूरतमंद महिलाओं को केवल रोजगार देने के लिए ही नहीं, उन्हें समाज में सम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा करने के उद्देश्य से किया गया है। ‘शक्ति दीदी’ बनकर महिलाएं स्वयं की पहचान तो बना ही रही हैं, साथ ही परिवार की आर्थिक मजबूती में भी सहभागी बनीं हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने शनिवार 21 नवम्बर को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर चार महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाई। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने श्री हरीलीला सर्विसेज पेट्रोल पंप लक्ष्मीगंज पर सुश्री बेबी व सुश्री सुषमा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी।

इसी तरह संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मंदिर पर सुश्री दीपांजलि एवं संयुक्त कलेक्टर श्री सुरेश कुमार बरहादिया जयभारत पेट्रोलियम चंद्रबदनी नाका पर सुश्री ममता शाक्य को शक्ति दीदी का दायित्व सौंपा।