डॉ. नेहा लोहामरोड़ ने छात्राओं को बड़े सपने देखने, बाधाएं तोड़ने और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया

जयपुर, 14 अक्टूबर। महिला सशक्तीकरण, करियर विकास और राष्ट्र निर्माण पर जोर देते हुए कोष फाउंडेशन की निदेशक डॉ. नेहा लोहामरोड़ (जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली की पूर्व छात्रा एवं आतंकवाद और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के विषय में पीएचडी उपाधिधारक) ने राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, झोटवाड़ा पुलिया में विद्यालय के आमंत्रण पर आयोजित विशेष करियर मार्गदर्शन एवं व्यक्तित्व विकास व्याख्यान में छात्राओं को संबोधित किया। वह सेंट स्टीफंस कॉलेज, नई दिल्ली की भी पूर्व छात्रा हैं।

कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और करियर के लिए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को अपनी क्षमताओं को पहचानने, बाधाओं को पार करने और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।

सशस्त्र बलों सहित विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में महिलाओं के लिए बढ़ते अवसरों और नए भारत में उनकी उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए डॉ. नेहा ने छात्राओं से नेतृत्व क्षमता विकसित करने, मेहनत करने और अपने ज्ञान एवं कौशल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की संस्था प्रधान कनुप्रिया अग्रवाल ने की, जबकि संचालन डॉ. राजेश कुमार कुमावत ने किया। मानसी प्रजापत, अंजलि, लीना, भूमिका, प्रेरणा, चंचल और रानी सहित छात्राओं ने व्याख्यान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और करियर तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रश्न पूछे। अंत में संस्था प्रधान ने वक्ता का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसकेएफ मनीषा रोलानिया, व्याख्याता विकास शर्मा, आनंद सिंह, उपप्राचार्य प्रियंका राजावत, रमा चतुर्वेदी सहित विद्यालय के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। Priyanka Mali state head Rajasthan