डबरा में आबकारी विभाग का छापा: 141 पाउच जहरीली हाथ भट्टी शराब के साथ महिला गिरफ्तार
ग्वालियर/डबरा। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग ने शनिवार को डबरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर महाराजपुर की पुलिया के पास से एक महिला को 141 पाउच अवैध हाथ भट्टी मदिरा के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद शराब मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त और जानलेवा पाई गई है, जिसके चलते आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर चला विशेष अभियान
ग्वालियर कलेक्टर रुचिका चौहान के सख्त निर्देश और सहायक आबकारी आयुक्त राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में जिले भर में अवैध मदिरा कारोबारियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आबकारी विभाग को डबरा वृत्त अंतर्गत नहर की पार, महाराजपुर पुलिया के पास अवैध शराब के भंडारण और विक्रय की पुख्ता सूचना प्राप्त हुई थी।
घेराबंदी कर पकड़ा, 49(क) का मामला दर्ज
सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस और आबकारी बल को देख संदिग्ध महिला ने भागने का प्रयास किया, लेकिन महिला आरक्षक की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 141 पाउच हाथ भट्टी मदिरा बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,820 रुपये आंकी गई है। शराब के जहरीली (मानवीय उपयोग हेतु अनुपयुक्त) होने की पुष्टि पर आरोपी महिला के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं सख्त धारा 49(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। इस सफल कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रवीण उपाध्याय एवं आमीन खान, आबकारी उप निरीक्षक सतेंद्र सिंह मीणा, मुख्य आरक्षक राजेन्द्र अहिरवार, आरक्षक भरत जाटव, प्रदीप हिंडोनिया, बादल अहिरवार, दिव्यांश गौड़, राघवेंद्र बोहरे तथा महिला आरक्षक रुचि कुशवाह की सक्रिय भूमिका रही। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए इस प्रकार की सख्त कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी।
चंद्रकांत शर्मा की report
