धारदार बका लेकर घूम रहे तीन आरोपी गिरफ्तार, बड़वारा पुलिस ने हथियार किए जब्त

कटनी। जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़वारा पुलिस ने धारदार हथियार लेकर घूम रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से लोहे के धारदार बका बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को बड़वारा पुलिस क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान नायर पेट्रोल पंप के पास सड़क पर दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ में उनकी पहचान उमरेन्द्र पारधी (19) और सोल्जर पारधी (25), निवासी छिंदिया टोला, थाना बरही के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के पास धारदार बका मिला। हथियार रखने संबंधी वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिए।

इसी दौरान पुलिस को रोहनिया बायपास रोड पर एक व्यक्ति धारदार बका लेकर घूमता मिला। पूछताछ में उसकी पहचान लिस्टर पारधी (55), निवासी छिंदिया टोला, थाना बरही के रूप में हुई। उसके पास भी हथियार रखने संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने बका जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी हेडक्वार्टर रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय सहित बड़वारा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।