दीपावली के बाद सुबह 6 बजे से सफाई में जुटे सफाई मित्र, नागरिकों के जागने से पहले चमका कटनी शहर
पटाखों के कचरे का अलग-अलग संग्रहण कर सुरक्षित निष्पादन, दीपदान पर्व को लेकर कटाएघाट सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर चला विशेष स्वच्छता अभियान
कटनी। दीपावली के उल्लास और आतिशबाजी के बाद शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए नगर निगम का सफाई अमला सुबह से ही मैदान में उतर गया। सोमवार को सुबह 6 बजे से सफाई मित्रों ने शहर की स्वच्छता की कमान संभालते हुए प्रमुख मार्गों, बाजारों, चौराहों और गली-मोहल्लों में सफाई अभियान चलाया। नतीजा यह रहा कि नागरिकों के जागने से पहले ही शहर के कई प्रमुख हिस्सों में सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई।
निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा दीपावली के अगले दिन विशेष सफाई अभियान की पूर्व तैयारी की गई थी। इसके तहत सफाई मित्रों ने पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों और सार्वजनिक स्थलों से कचरा हटाया। अभियान में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और जेसीबी मशीन सहित अन्य संसाधनों का उपयोग किया गया।
पटाखों के कचरे के लिए किए विशेष इंतजाम
दीपावली के दौरान आतिशबाजी से निकलने वाले पटाखों के अवशेषों को लेकर निगम प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की। पटाखों के कचरे को सामान्य कचरे से अलग एकत्रित किया गया, ताकि उसका सुरक्षित निष्पादन किया जा सके। वहीं कचरा प्रसंस्करण केंद्रों, एमआरएफ सेंटर, ट्रांसफर स्टेशन और डंप साइट पर आगजनी की आशंका को देखते हुए आवश्यक अग्नि सुरक्षा इंतजाम भी किए गए।
दीपदान पर्व पर घाटों और मंदिरों में भी सफाई
दीपदान पर्व के मद्देनजर कटाएघाट सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। सत्यनारायण मंदिर, रंगनाथ मंदिर और जगन्नाथ मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के परिसर एवं पहुंच मार्गों की सफाई कर कचरे का उठाव कराया गया, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
नगर निगम प्रशासन ने पर्व और त्योहारों के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में नागरिकों से सहयोग की अपील की है। दीपावली के बाद सुबह-सुबह सफाई मित्रों की सक्रियता ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
