दिवाली से पहले पिछोर में खाद्य विभाग का बड़ा छापा! घर से 128 किलो पनीर और 10 किलो रिफाइंड तेल जब्त, कार्रवाई की खबर से दुकानदारों में हड़कंप!
खाद्य विभाग ने पुलिस के साथ की कार्रवाई, पनीर और तेल के सैंपल जांच के लिए भेजे; रिपोर्ट आने के बाद होगी आगे की कार्रवाई।
डबरा। दिवाली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। ग्वालियर जिले के पिछोर में खाद्य विभाग की टीम ने पुलिस के साथ एक घर पर छापा मारकर 128 किलोग्राम पनीर और 10 किलोग्राम रिफाइंड तेल जब्त कर सील किया है।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य विभाग को सूचना मिली थी कि पिछोर में राकेश बघेल के घर से बड़े स्तर पर पनीर का कारोबार किया जा रहा है। सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी गिरीश राजौरिया के नेतृत्व में टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और जांच की।
जांच के दौरान घर से भारी मात्रा में पनीर और रिफाइंड तेल मिला। विभाग ने दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं। फिलहाल सामान को फ्रिज में रखवाकर सील कर दिया गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर और तेल की गुणवत्ता तथा मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।
कार्रवाई की खबर फैलते ही दुकानदारों में हलचल!
खाद्य विभाग की छापेमारी की खबर फैलते ही पिछोर के कई डेयरी कारोबारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और वहां से चले गए। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निगरानी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
दिवाली के त्योहार पर दूध, पनीर और मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या खाद्य सुरक्षा विभाग डबरा शहर की डेयरी और मिठाई दुकानों पर भी इसी तरह नियमित जांच करेगा?
अब सभी की नजरें पनीर और रिफाइंड तेल की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
