एसपी कार्यालय में जनसुनवाई: पारिवारिक विवाद और धोखाधड़ी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश कटनी /पुलिस अधीक्षक कार्यालय कटनी में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने जिले भर से आए आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित थाना प्रभारियों व अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में मुख्य रूप से पारिवारिक कलह, पति-पत्नी व बेटा-बहू के विवाद, प्लॉट व मकान संबंधी धोखाधड़ी, पैसों के लेन-देन, वित्तीय धोखाधड़ी और वेतन न मिलने से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। एसपी विश्वकर्मा ने मौके पर ही दूरभाष के जरिए संबंधित अधिकारियों को मामलों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आमजन को न्याय दिलाना और उनके अधिकारों का संरक्षण करना पुलिस की प्राथमिकता है। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य सहित सभी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) उपस्थित रहे। कई प्रकरणों में अधिकारियों ने मौके पर ही प्राथमिक कार्रवाई शुरू कराई।
