Nishchal Sharma | Kota

शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश नगर परिषद एवं पंचायत समिति चुनाव के मद्देनजर जिला कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को सांगोद पंचायत समिति क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और जवानों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्रों पर की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न करवाने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।

एसपी ने निर्देश दिए कि मतदान केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न नहीं होनी चाहिए तथा मतदाताओं को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने और ऐसी कोई भी सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला कोटा ग्रामीण पुलिस द्वारा चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान संपन्न करवाने के साथ-साथ क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।