ग्वालियर की तस्वीर और तकदीर बदलने की तैयारी शुरू हो चुकी है! अब ग्वालियर सिर्फ ऐतिहासिक नगरी ही नहीं, बल्कि टेक्नोलॉजी और औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है!

जी हां! ग्वालियर के साडा क्षेत्र में बनने जा रहा है एशिया का पहला टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन! और इस परियोजना से जुड़ी खबर ने पूरे ग्वालियर-चंबल संभाग में रोजगार की नई उम्मीद जगा दी है!

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पहल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के सहयोग से आगे बढ़ रही इस महत्वाकांक्षी परियोजना में अब तक 5,500 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव सामने आए हैं।

सबसे बड़ी बात यह है कि इस परियोजना से 18 हजार से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है।

करीब 170 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इस औद्योगिक क्षेत्र में 24 से अधिक कंपनियों की भागीदारी प्रस्तावित है।

यहां टेलीकॉम उपकरणों, इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑप्टिकल फाइबर और आधुनिक 5G-6G तकनीक से जुड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।

वहीं, साडा अध्यक्ष अशोक शर्मा भी इस परियोजना को लेकर लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर इस परियोजना को लेकर निवेश और रोजगार की संभावनाओं पर चर्चाएं तेज हैं।

लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह परियोजना ग्वालियर के युवाओं को अपने ही शहर में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा पाएगी?

क्या ग्वालियर आने वाले समय में देश के बड़े टेक्नोलॉजी और मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में उभरेगा?

फिलहाल, 5,500 करोड़ का निवेश और 18 हजार से अधिक रोजगार की संभावनाएं ग्वालियर के औद्योगिक भविष्य को लेकर बड़ी उम्मीदें जगा रही हैं।

ग्वालियर के विकास की इस बड़ी परियोजना पर हमारी नजर लगातार बनी हुई है।