*घर के सामने मुरम डालकर रास्ता रोकने का आरोप, हटाने की बात पर गाली-गलौज और धमकी*
*पुलिस में मामला दर्ज अधिकारियों के निर्देश के बाद भी मुरम हटाने के बजाय फैलाने का आरोप*
राजोद।। घर के सामने मुरम का ढेर डालकर आवागमन का रास्ता बाधित करने तथा मुरम हटाने की बात पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वरिष्ठ पत्रकार नंदराम पिता गेंदालाल नायमा की शिकायत पर राजोद थाना पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले बनवारी लाल पिता राधेश्याम एवं रमेश पिता रामचंद्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में नंदराम नायमा ने बताया कि उनके घर के सामने आरोपियों द्वारा मुरम का ढेर डाल दिया गया था, जिससे घर तक आने-जाने का रास्ता बाधित हो गया। नंदराम ने जब मुरम हटाने के लिए कहा तो दोनों आरोपियों द्वारा कथित रूप से गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उन्होंने राजोद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर राजोद थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 296(बी), 130, 351(3), 3(5) एवं 126(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। *अधिकारियों के निरीक्षण के बाद भी मुरम हटाने के बजाय फैलाने का आरोप* बताया गया कि रविवार को एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार ने थाना प्रभारी के साथ मौके का निरीक्षण किया तथा संबंधित पक्ष को मुरम का ढेर हटाने के निर्देश दिए। नंदराम नायमा का आरोप है कि अधिकारियों के मौके से जाने के बाद जेसीबी की मदद से मुरम हटाने के बजाय उसे उनके घर के सामने ही फैला दिया गया। इससे घर में आने-जाने में उन्हें और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नंदराम नायमा ने एसडीएम एवं एसडीओपी से मांग की है कि उनके घर के सामने फैली मुरम को हटवाकर आवागमन का रास्ता पूर्ववत सुचारू कराया जाए, ताकि परिवार को घर आने-जाने में परेशानी न हो। *पूर्व में भी विवाद की बात* नंदराम नायमा ने यह भी बताया कि पूर्व में भी आरोपियों द्वारा उनके एवं उनके बेटों के साथ मारपीट किए जाने तथा गंभीर चोटें पहुंचाने की घटना हो चुकी है। उन्होंने वर्तमान मामले में प्रशासन एवं पुलिस से उचित कार्रवाई करते हुए परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवागमन का रास्ता बहाल कराने की मांग की है। पुलिस द्वारा दर्ज प्रकरण में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।
