गोरइया कलां पंचायत में सचिव की कार्यप्रणाली पर सरपंच ने उठाए सवाल, कलेक्टर से शिकायत
कार्यालय में नियमित उपस्थिति नहीं होने और ग्रामीणों के काम प्रभावित होने का आरोप, जांच और कार्रवाई की मांग
मैहर/अमरदरा। ग्राम पंचायत गोरइया कलां, जनपद पंचायत मैहर में पंचायत सचिव की कार्यप्रणाली को लेकर विवाद सामने आया है। ग्राम पंचायत के सरपंच भन्नू प्रसाद प्रजापति ने पंचायत सचिव रामनिवास दाहिया के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से लिखित शिकायत की है। सरपंच ने 21 सितंबर 2026 को कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ एवं जनपद पंचायत सीईओ को आवेदन देकर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
पंचायत भवन में नियमित उपस्थिति नहीं होने का आरोप
सरपंच द्वारा की गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत सचिव रामनिवास दाहिया निर्धारित कार्यालयीन समय में पंचायत भवन में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते। इसके चलते समग्र, राशन, जन्म-मृत्यु पंजीयन, संबल, पेंशन सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे हैं और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
फोन नहीं उठाने का भी आरोप
शिकायत में सरपंच ने आरोप लगाया है कि सचिव को फोन करने के बावजूद कई बार संपर्क नहीं हो पाता। सरपंच ने अपने आवेदन में कथित फोन बातचीत का भी उल्लेख किया है और दावा किया है कि सचिव ने उनसे कहा कि वे सरपंच के कहने पर पंचायत कार्यालय नहीं आएंगे और उन्हें जो करना है, कर लें।
राजनीतिक रूप से परेशान करने का लगाया आरोप
सरपंच ने यह भी आरोप लगाया है कि उन्हें राजनीतिक रूप से परेशान करने और उनकी छवि खराब करने की नीयत से पंचायत के कार्यों को प्रभावित किया जा रहा है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
प्रशासन से जांच की मांग
सरपंच ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पंचायत सचिव को शासन द्वारा निर्धारित कार्यालयीन समय में पंचायत भवन में उपस्थित रहने के निर्देश दिए जाएं, ताकि ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित सेवाएं समय पर मिल सकें।
साथ ही सरपंच ने मांग की है कि यदि सचिव को प्रतिदिन पंचायत भवन में उपस्थित नहीं होने की कोई आधिकारिक अनुमति अथवा छूट प्राप्त है, तो इसकी जानकारी पंचायत भवन के नोटिस बोर्ड पर सार्वजनिक की जाए।
सरपंच ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पंचायत सचिव रामनिवास दाहिया का पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
न्यूज़ 24×7 इंडिया | जिला ब्यूरो चीफ — गगन पाण्डेय
