ग्वालियर जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई, 6 प्रकरण दर्ज
हजीरा, मुरार, आंतरी और जौरासी क्षेत्र में दबिश; करीब 15 हजार रुपए की मदिरा जब्त
ग्वालियर, 29 अक्टूबर 2026/ ग्वालियर जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री, संग्रह और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को विभाग की टीम ने हजीरा, मुरार, कम्पू के वीरपुर बांध क्षेत्र, आंतरी और जौरासी सहित विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध मदिरा बरामद की। कार्रवाई के दौरान कुल छह प्रकरण दर्ज किए गए। जब्त मदिरा का अनुमानित मूल्य लगभग 15 हजार रुपए बताया गया है।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान एवं आबकारी उपायुक्त श्री संदीप शर्मा के आदेशानुसार तथा सहायक आबकारी आयुक्त श्री राज नारायण सोनी के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई।
विभागीय जानकारी के अनुसार, हजीरा क्षेत्र में डेली डिलाइट (बोटी वाला ढाबा) से 25 पाव देशी मदिरा प्लेन तथा सिंधिया नगर मल्टी के पास राजू परिहार के कब्जे से 11 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। आंतरी क्षेत्र के आरके होटल से 25 पाव देशी मदिरा प्लेन जब्त की गई। वहीं, सुरेंद्र ढाबा पर मदिरापान कराने वालों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 36(क) के तहत कार्रवाई की गई। डबरा वृत्त के अंतर्गत आंतरी क्षेत्र के ग्राम लदवाया में बलवीर जाटव के आवास से 17 पाव देशी मदिरा मसाला और 9 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद की गई। इसके अलावा जौरासी स्थित अशोक ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट से 29 पाव देशी मदिरा जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 36(क) के तहत कुल छह प्रकरण पंजीबद्ध किए हैं।
कार्रवाई में ग्वालियर कंट्रोल रूम प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री राजेश तिवारी के निर्देशन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री प्रवीण उपाध्याय एवं श्री आमीन खान, आबकारी उपनिरीक्षक श्री हरेंद्र मवाई, श्री सतेंद्र सिंह मीणा, श्री शिवा रघुवंशी, श्रीमती रोशनी पाटीदार एवं श्री सुरेश कुमार पाराशर सहित आबकारी विभाग के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों का योगदान रहा।
