ग्वालियर जिले में इस साल रबी में 2,05,820 हैक्टेयर रकबे में बोवनी का लक्ष्य

किसानों को समय से खाद-बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था

ग्वालियर 27 अक्टूबर 2026/ ग्वालियर जिले में मौजूदा रबी वर्ष 2026-27 में 2 लाख 5 हजार 820 हैक्टेयर रकबे में बोवनी का लक्ष्य रखा गया है। किसान भाई समय से बोवनी कर सकें, इसके लिये उन्हें खाद व बीज उपलब्ध कराने के लिये पुख्ता व्यवस्था बनाई गई है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास, सहकारिता, उद्यानिकी व खेती से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारियों को बोवनी के लिये किसानों को उचित सलाह देने को कहा है। उन्होंने ई-टोकन व्यवस्था के तहत किसानों को पारदर्शिता के साथ सुचारू रूप से खाद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

उप संचालक किसान कल्याण व कृषि विकास श्री भानु प्रकाश शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में इस साल के रबी मौसम में 01 लाख 40 हजार हैक्टेयर रकबे में गेहूँ की बोवनी का लक्ष्य रखा गया है। इसी तरह 54 हजार 800 हैक्टेयर में सरसों, 3 हजार 800 हैक्टेयर में चना, 3 हजार 300 हैक्टेयर में मटर, 3 हजार 20 हैक्टेयर में गन्ना, 400 हैक्टेयर में मसूर, 300 हैक्टेयर रकबे में जौ एवं 200 हैक्टेयर रकबे में गन्ना फसल लगाने लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गत 24 अक्टूबर तक के स्टॉक के अनुसार ग्वालियर जिले में वर्तमान में रबी फसलों के लिये 48 हजार 744 मैट्रिक टन रासायनिक उर्वरक उपलब्ध हैं। इनमें 19 हजार 751 मैट्रिक टन यूरिया, 11 हजार 365 मैट्रिक टन एनपीके, 8 हजार 24 मैट्रिक टन डीएपी, 9 हजार 265 मैट्रिक टन एसएसपी व 339 मैट्रिक टन एसओपी शामिल हैं। किसान भाईयों को डीएपी के विकल्प के रूप में एनपीके उर्वरक का उपयोग करने की सलाह दी गई है। एनपीके में डीएपी से ज्यादा पोषक तत्व पाए जाते हैं। एनपीके के उपयोग से अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सकता है।