ग्वालियर में 01 नवम्बर को गरिमा एवं हर्षोल्लास पूर्वक मनेगा प्रदेश का 71वाँ स्थापना दिवस

विधानसभा अध्यक्ष श्री तोमर के मुख्य आतिथ्य में मेला परिसर में होगा जिले का मुख्य समारोह

ग्वालियर, 31 अक्टूबर 2026/ मध्यप्रदेश के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं विकास यात्रा के प्रतीक प्रदेश का 71वाँ स्थापना दिवस ग्वालियर जिले में एक नवम्बर को उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। जिला स्तरीय मुख्य समारोह विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में अपरान्ह 4.45 बजे मेला परिसर में आयोजित होगा।

स्थापना दिवस समारोह में भारतीय संस्कृति, परंपराओं, जीवन मूल्यों एवं संस्कारों की अनुपम छटा बिखेरते रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे। इस अवसर पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगेगी। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों एवं विधाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रतिभाशाली कलाकारों, नागरिकों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित कर उनके योगदान का अभिनंदन किया जाएगा।

जिला मुख्यालय पर आयोजित इस गरिमामय समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं लोकतंत्र सेनानियों, जनप्रतिनिधियों, शहीदों के परिजनों, उद्यमियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, स्व-सहायता समूहों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।

कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जिले के नागरिकों से प्रदेश के गौरव एवं विकास के प्रतीक स्थापना दिवस समारोह में अधिकाधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से इस गौरवपूर्ण अवसर को उत्साह, उल्लास एवं सामूहिक सहभागिता के साथ मनाने का आह्वान किया है।