ग्वालियर व्यापार मेले में दुकानों के लिए आवेदन की तारीख 5 नवम्बर तक बढ़ी
950 दुकानदारों ने किए आवेदन, दुकान लेने के इच्छुक व्यापारी ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
ग्वालियर 31 अक्टूबर 2026/ ग्वालियर व्यापार मेले में दुकानों के आवंटन के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख पांच दिन बढ़ाकर 5 नवम्बर 2026 कर दी गई है। पहले आवेदन की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर निर्धारित थी। मेले में ऑटोमोबाइल्स, झूला, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित विभिन्न श्रेणियों की दुकानें आरक्षित रखी गई हैं। 30 अक्टूबर तक कुल 950 दुकानदारों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। दुकानदारों की मांग को देखते हुए ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण ने आवेदन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस बार मेले का आयोजन 15 दिसम्बर 2026 से 15 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। मेले में विभिन्न श्रेणियों के अंतर्गत दुकानें आवंटित की जानी हैं। इनमें ऑटोमोबाइल्स, झूला, इलेक्ट्रॉनिक्स, पक्की दुकानें, कोटरी, चबूतरा, सी श्रेणी की दुकानें तथा रेलवे ट्रैक क्षेत्र की दुकानें सहित अन्य श्रेणियां शामिल हैं।
ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के सचिव ने दुकानदारों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित श्रेणी में दुकान प्राप्त करने के लिए 5 नवम्बर 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपने आवेदन प्रस्तुत कर दें। निर्धारित समय-सीमा में आवेदन नहीं करने पर संबंधित दुकानें अनारक्षित श्रेणी में शामिल कर दी जाएंगी।
प्राधिकरण ने व्यापारियों से अपील की है कि वे बढ़ाई गई समय-सीमा का लाभ उठाते हुए शीघ्र आवेदन करें, जिससे दुकान आवंटन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
