हथियारों के खिलाफ कोटा पुलिस का एक्शन मोड, शुरू हुआ ‘ऑपरेशन H.A.W.K.’

रिपोर्ट - निश्चल शर्मा | कोटा

शहर में चाकूबाजी एवं अवैध धारदार हथियारों के बढ़ते इस्तेमाल पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कोटा शहर पुलिस ने विशेष अभियान ‘ऑपरेशन H.A.W.K. (Hunt Against Weapons & Knives)’ शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अवैध हथियार रखने और उनका इस्तेमाल करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना तथा अपराधों की रोकथाम करना है। अभियान के तहत संवेदनशील एवं चिन्हित क्षेत्रों में नाकाबंदी, वाहन चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया जाएगा। चाकू, खंजर सहित अन्य धारदार अथवा अवैध हथियार रखने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही हिस्ट्रीशीटर, आदतन अपराधियों और पूर्व में चाकूबाजी की घटनाओं में लिप्त रहे व्यक्तियों की निगरानी एवं सत्यापन भी किया जाएगा। पुलिस द्वारा ड्रोन, अभय कमांड सेंटर और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। रात के समय गश्त एवं अचानक चेकिंग बढ़ाने के साथ स्कूल, कॉलेज और कोचिंग क्षेत्रों में विशेष निगरानी तथा युवा जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। होटल, लॉज, किराएदारों एवं पेइंग गेस्ट का नियमित सत्यापन भी अभियान का हिस्सा रहेगा। अभियान के दौरान पुलिस, प्रशासन, शिक्षण संस्थानों, व्यापारिक संगठनों और आमजन के बीच समन्वय बढ़ाकर सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध हथियार रखने अथवा उनका इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ‘ऑपरेशन H.A.W.K.’ का मुख्य संदेश — संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, अपराध से पहले रोकथाम और अवैध हथियारों को समाज से दूर करना है।