इंदिरा नगर में किराना दुकान की आड़ में कथित सट्टा और शराब बिक्री के आरोप, कुठला पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

कटनी। इंदिरा नगर क्षेत्र में एक किराना दुकान से कथित तौर पर खुलेआम सट्टा पर्ची और अवैध शराब बिक्री किए जाने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि किराना दुकान की आड़ में लंबे समय से कथित अवैध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र की आम जनता परेशान है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सट्टे में कम समय में कई गुना पैसा कमाने का लालच देकर गरीब और मजदूर वर्ग के लोगों को जाल में फंसाया जा रहा है। आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब के साथ-साथ गांजे की बिक्री को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं।

कुठला पुलिस की कार्रवाई पर सवाल

सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि क्षेत्र में इस तरह की गतिविधियां खुलेआम संचालित होने की शिकायतें हैं, तो कुठला पुलिस द्वारा अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई? स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर किराना दुकान से कथित सट्टा पर्ची और शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

वहीं, दुकान संचालक को कथित संरक्षण किसका प्राप्त है, इसे लेकर भी क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

अब देखना होगा कि कुठला पुलिस इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेती है और इंदिरा नगर में कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।