जमीन के विवाद ने लिया खूनी संघर्ष का रूप! आधा दर्जन लोगों ने बुजुर्ग समेत तीन पर किया हमला, तीनों गंभीर घायल

ग्वालियर/डबरा। जमीन पर कब्जे और मिट्टी खनन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गया। डबरा के देहात थाना क्षेत्र के ग्राम लोहगढ़ में दो पक्षों के बीच जमकर विवाद हुआ। आरोप है कि गुर्जर समाज के करीब आधा दर्जन लोगों ने एक बुजुर्ग सहित तीन लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहगढ़ में कब्जे की जमीन से जेसीबी के जरिए मिट्टी उठाने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में 60 वर्षीय कुंठाराम बघेल, उनके भाई जानकी और भतीजे रविन्द्र बघेल पर हमला किए जाने का आरोप है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार, विजय, रामबचन, मिंटू, अभिनेषक, शिवभो, शैलू गुर्जर सहित एक अन्य युवक पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से हमला करने तथा हवाई फायरिंग करने के आरोप लगाए गए हैं।

घटना में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस घायलों को सिविल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

फिलहाल मामले में पुलिस जांच और आरोपों की पुष्टि के बाद आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी। जमीन विवाद को लेकर हुई इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

अब बड़ा सवाल यह है कि जमीन के विवाद में कानून हाथ में लेने वालों पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है?