जनजातीय गौरव सप्ताह जनजातीय महापुरुषों के शौर्य, बलिदान और स्वाभिमान को समर्पित : दीपक सोनी ‘टंडन’
भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत : धीरेंद्र बहादुर सिंह
जनजातीय समाज का देश की स्वतंत्रता और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान : सोहन सिंह
11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में मनाया जा रहा जनजातीय गौरव सप्ताह, कटनी जिले में भी पंचायत, तहसील एवं जिला स्तर पर होंगे विविध आयोजन
कटनी। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 11 से 18 नवंबर तक प्रदेशभर में जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समाज के महानायकों के शौर्य, संघर्ष, बलिदान, योगदान एवं गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना तथा उनकी प्रेरणादायी गाथाओं से नई पीढ़ी को परिचित कराना है।
इसी क्रम में आज भाजपा जिला कार्यालय कटनी में आयोजित पत्रकार वार्ता को भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी ‘टंडन’, बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह, अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री सोहन सिंह एवं प्रदेश मंत्री तथा कटनी जिला प्रभारी सुश्री एकता ठाकुर ने संबोधित किया।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक सोनी ‘टंडन’ ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने जनजातीय समाज के अधिकारों तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। जनजातीय गौरव सप्ताह जनजातीय समाज के ऐसे महानायकों के शौर्य, बलिदान और विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
बड़वारा विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। जनजातीय समाज ने देश की स्वतंत्रता, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान दिया है। जनजातीय वीरों ने अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपने अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए ऐतिहासिक लड़ाइयां लड़ीं। उनके त्याग, तपस्या और बलिदान को स्मरण करना तथा उनकी गौरवगाथा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री श्री सोहन सिंह ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास वीरता, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली गाथाओं से भरा हुआ है। जनजातीय महापुरुषों ने देश और समाज के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। जनजातीय गौरव सप्ताह के माध्यम से उनके योगदान को व्यापक स्तर पर सामने लाने का कार्य किया जा रहा है।
अनुसूचित जनजाति मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं कटनी जिला प्रभारी सुश्री एकता ठाकुर ने कहा कि जनजातीय संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनजातीय लोकनृत्य, संगीत, नाट्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ संवाद और गौरव चौपाल जैसे आयोजन शामिल होंगे।
वक्ताओं ने बताया कि प्रदेश स्तर पर 14 नवंबर को जबलपुर, 15 नवंबर को धार एवं 16 नवंबर को खंडवा में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर विशेष आयोजन होंगे। कटनी जिले में भी पंचायत, तहसील एवं जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनजातीय नायकों के योगदान को स्मरण करने के साथ सांस्कृतिक एवं साहित्यिक कार्यक्रम भी होंगे।
पत्रकार वार्ता का संचालन जिला सह मीडिया प्रभारी मयंक गुप्ता ने किया तथा आभार अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष चंदन सिंह ने व्यक्त किया।
मयंक गुप्ता जिला सह मीडिया प्रभारी
