कोटा | निश्चल शर्मा
कोटा शहर में छात्र-छात्राओं एवं आम नागरिकों की सुरक्षा, कोचिंग क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवाहर नगर थाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम के निर्देशानुसार, एसीपी मनीष शर्मा के मार्गदर्शन में तथा जवाहर नगर थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस जाप्ता, आरएसी जाप्ता और कमांडो टीम ने संयुक्त रूप से रूट मार्च किया। इस दौरान राजीव गांधी नगर, इन्द्रा विहार, जवाहर नगर, डिस्ट्रिक्ट सेंटर और तलवंडी चौराहे सहित विभिन्न क्षेत्रों में 40-50 चाय की थड़ियों की जांच की गई। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान 10 कार्रवाई करते हुए 60 पुलिस एक्ट के चालान बनाए गए तथा 5 पावर बाइक जब्त की गईं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
