जय बजरंगबली के जयकारों से गूंजा कटनी, भव्य शोभायात्रा के साथ ऐतिहासिक कटाएघाट मेले का आगाज

महापौर प्रीति संजीव सूरी सहित जनप्रतिनिधियों और हजारों श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा में की सहभागिता, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत; कटाएघाट मंदिर में ध्वज पताका फहराकर विराजे प्रभु बजरंगबली

कटनी। आस्था, भक्ति और उल्लास के अद्भुत संगम के बीच नगर के ऐतिहासिक श्री बजरंग कटाएघाट मेले का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर नगर निगम कटनी के तत्वावधान में आयोजित इस पारंपरिक मेले की शुरुआत मधई मंदिर से निकली भगवान श्री बजरंगबली की भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। ढोल-नगाड़ों, भक्ति संगीत और गगनभेदी जयकारों के बीच निकली शोभायात्रा ने पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। नगर के प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

शोभायात्रा में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी सहित मेयर इन काउंसिल के सदस्य, पार्षद, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान बजरंगबली की भव्य प्रतिमा और ध्वज पताका के साथ निकली शोभायात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह लोगों ने आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा कर प्रभु का स्वागत किया।

मधई मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद निकली शोभायात्रा

शोभायात्रा प्रारंभ होने के पूर्व महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने मधई मंदिर में भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर नगर की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद भगवान श्री बजरंगबली की आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया गया। भजन मंडलियों की भक्तिमय प्रस्तुतियों और श्रद्धालुओं के जयकारों ने पूरे माहौल को धर्ममय कर दिया।

बाजारों से गुजरी शोभायात्रा, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत

मधई मंदिर से निकली शोभायात्रा सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, सराफा बाजार, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, शेर चौक एवं मिशन चौक होते हुए कटाएघाट मंदिर पहुंची। मार्ग में दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में आरती एवं पुष्पवर्षा के साथ शोभायात्रा का स्वागत किया गया। नगर के व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पूरे मार्ग में जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे।

ध्वज पताका फहराकर मंदिर में विराजे बजरंगबली

शोभायात्रा के कटाएघाट मंदिर पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार विधि-विधान से भगवान श्री बजरंगबली की स्थापना की गई। मंदिर परिसर में ध्वज पताका फहराई गई और आरती-पूजन के साथ मेले के शुभारंभ की धार्मिक रस्में संपन्न हुईं। इसके साथ ही कटाएघाट मेला परिसर में उत्सव और भक्ति का माहौल छा गया। श्रद्धालुओं ने प्रभु के दर्शन कर परिवार और नगर की सुख-समृद्धि की कामना की।

धार्मिक विरासत और जनआस्था का प्रतीक है कटाएघाट मेला

कटनी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा कटाएघाट मेला वर्षों से नगरवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। मेले का शुभारंभ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि नगर की परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर साबित किया कि कटाएघाट मेले से लोगों की गहरी धार्मिक भावनाएं जुड़ी हुई हैं। नगर निगम द्वारा आयोजित इस मेले में आगामी दिनों में भी धार्मिक, सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजन से जुड़े विभिन्न आयोजनों के माध्यम से नगरवासियों को उत्सव का अवसर मिलेगा।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य सुभाष साहू, डॉ. रमेश सोनी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, सुमन राजू माखीजा, तुलसा गुलाब बेन, पार्षद शशिकांत तिवारी, सीमा श्रीवास्तव, रेखा संजय तिवारी, वंदना राजकिशोर यादव, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल, उपायुक्त शैलेश गुप्ता, प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री अनिल जायसवाल, सुनील सिंह, मृदुल श्रीवास्तव, मोना करेरा, उपयंत्री हिमांशु गौतम, शैलेन्द्र प्यासी, नागेंद्र पटेल, समाजसेवी संजय गुप्ता, राकेश तिवारी, महेंद्र शर्मा, पूर्व कर्मचारी विष्णु प्रसाद साहू सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, तीनों निगम संचालित विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।