जयपुर में ASI 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप: केस में मदद, आरोपी की गिरफ्तारी और चालान पेश करने की एवज में मांगी थी रकम भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने मंगलवार को जयपुर के प्रतापनगर थाने में तैनात सहायक उप निरीक्षक (ASI) सुखदेव जाट को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ट्रैप किया। ACB के अनुसार आरोपी ASI ने दर्ज प्रकरण में प्रभावी पैरवी करने, मदद करने, आरोपी को गिरफ्तार करने और चालान पेश करने की एवज में परिवादिया से रिश्वत मांगी थी।

ACB के मुताबिक परिवादिया ने 11 अगस्त 2026 को ACB चौकी एसयू प्रथम जयपुर में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के सत्यापन में ASI द्वारा 10 हजार रुपए रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इसके बाद ACB ने मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई की। परिवादिया से 10 हजार रुपए लेने के बाद ASI ने रकम अपनी खाकी वर्दी की पेंट की जेब में रख ली। ACB टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में उप अधीक्षक पुलिस अर्चना मीणा की टीम ने की। ACB के अनुसार प्रथम दृष्टया आरोपी के पास परिवादिया का काम लंबित होना पाया गया है। आरोपी से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।

ACB की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक पुलिस एस. परिमाला के सुपरविजन में मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।

ACB ने आमजन से अपील की है कि भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 1064 और WhatsApp हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24x7 संपर्क करें। Priyanka Mali state head Rajasthan