जयपुर में एक्सपायरी सामान बेचने का आरोप, पांडेय किराना स्टोर पर भड़के स्थानीय लोग...
विश्वकर्मा थाना क्षेत्र के रोड नंबर 17 पर हंगामा, खाद्य विभाग ने जांच कर कार्रवाई का दिया आश्वासन...
जयपुर। राजधानी जयपुर के विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में रोड नंबर 17 स्थित जेडीए क्वार्टर के पास पांडेय किराना स्टोर पर एक्सपायरी डेट का सामान बेचने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान पर बिस्कुट, नमकीन, मैगी सहित अन्य खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट निकलने के बावजूद उन्हें धड़ल्ले से बेचा जा रहा है। इसको लेकर रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान के बाहर हंगामा कर विरोध जताया।
एक्सपायरी सामान बेचने का विरोध किया तो दुकानदार पर अभद्रता का आरोप...
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब उन्होंने दुकानदार को एक्सपायरी डेट का सामान बेचने से रोकने और इस संबंध में सवाल पूछने की कोशिश की, तो दुकानदार कथित तौर पर भड़क गया और लोगों के साथ अभद्रता करने लगा। इससे मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। लोगों ने खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड नंबर 17 स्थित जेडीए क्वार्टर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों से आए परिवार रहते हैं। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच होना जरूरी है, ताकि किसी भी उपभोक्ता को एक्सपायरी सामान खरीदने के कारण परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन...
मामले को लेकर जब खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेश कुमार से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यदि ऐसा मामला है तो आज ही इसकी जांच करवाकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच करती है या नहीं और जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल स्थानीय लोगों ने खाद्य विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सामग्री की जांच करने की मांग की है।
