जयपुर में वाहन चोरों के खिलाफ चौमूं पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 मोटरसाइकिलें बरामद

जयपुर में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में जयपुर पश्चिम के चौमूं थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

जयपुर पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री प्रशांत किरण के निर्देशन में वाहन चोरी की वारदातों के खुलासे और रोकथाम के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री राजेश कुमार गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त चौमूं श्री कृष्णराज जांगिड़ के सुपरविजन में थाना अधिकारी श्री गुरुभूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास के रास्तों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी।

इसी दौरान पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर पूछताछ की। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और वाहन चोरी के मामलों में पांच मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

प्रेस नोट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में पप्पूलाल सैनी के खिलाफ पूर्व में भी चार आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अन्य वारदातों में उनकी संभावित संलिप्तता को लेकर भी पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

फिलहाल चौमूं थाना पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि वाहन चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चोरों पर शिकंजा कसने की उम्मीद है। ,प्रियंका माली स्टेट हेड राजस्थान