जी.आर. ग्लोबल अकादमी के खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर चमकाया विद्यालय का नाम
जयपुर, बेनाड़ रोड–माचेड़ा। जी.आर. ग्लोबल अकादमी के विद्यार्थियों ने 70वीं एस.जी.एफ.आई. राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किए और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और गौरव का वातावरण है। प्रतियोगिता में विद्यालय के तीन खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक अपने नाम किए। आयुषी शेखावत ने अंडर-17, 53 किलोग्राम भारोत्तोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। वहीं माही शर्मा ने अंडर-19, 68 किलोग्राम वर्ग की एस.जी.एफ.आई. कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी दावेदारी मजबूत की। इसी क्रम में कुणाल सैनी ने अंडर-17, 78 किलोग्राम वर्ग की कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। प्रबंध निदेशक श्री जगदीश पूनिया, कार्यकारी समन्वयक श्रीमती झूमर पूनिया तथा विद्यालय की एडमिस्टेटर डॉ. कनिका पूनिया ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प से ही सफलता के शिखर तक पहुँचा जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्राचार्य श्री अजय कुमार गुप्ता ने भी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता विकसित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और राजस्थान का नाम रोशन करेंगे। जी.आर. ग्लोबल अकादमी अपने विद्यार्थियों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है। इन खिलाड़ियों की सफलता विद्यालय की खेल भावना, मेहनत और समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। Umesh Pande ki report
