ग्वालियर, 21 सितम्बर 2026/ जिला न्यायालय परिसर में सोमवार को स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री ललित किशोर के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में न्यायिक अधिकारियों, सहायक लोक अभियोजन अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आमजन ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर में कुल 54 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री ललित किशोर ने रक्त संग्रहण बस में फीता काटकर किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) श्री नवीन शर्मा सहित जिला स्थापना पर पदस्थ न्यायाधीशगण उपस्थित रहे। शिविर का आयोजन शासकीय जयारोग्य चिकित्सालय ग्वालियर एवं जिला चिकित्सालय मुरार के सहयोग से किया गया। इस शिविर में रक्तदान करने वाले प्रमुख न्यायिक अधिकारियों में श्री रोहित सिंह, श्रीमती वंदना राज पाण्डे, श्री प्रशान्त शुक्ला, श्री गौतम भट्ट, श्री पारस जैन, श्री विशाल अखण्ड, श्री वी.पी.एस. चौहान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री पुष्पेन्द्र सिंह, श्रीमती पल्लवी बंसल, सुश्री चाहना शर्मा, श्री अनिरुद्ध उचाडिया, श्री राजेन्द्र गुप्ता, श्री अजय प्रताप सिंह यादव, श्रीमती अदिति तिवारी एवं श्रीमती स्वाति गोयल सहित अन्य न्यायाधीशगण शामिल हैं। शिविर में सहायक लोक अभियोजन अधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालयीन कर्मचारियों, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने भी रक्तदान कर इस मानवीय पहल में सहभागिता की। रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए रक्त उपलब्ध कराने का संदेश भी दिया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ग्वालियर ने शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।