जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जायेगी सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती
31 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट में दिलाई जायेगी राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ
“रन फॉर यूनिटी” सह सदभावना रैली का भी होगा आयोजन
ग्वालियर 30 अक्टूबर 2026/ लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को ग्वालियर जिले में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाएगा। इस दिन प्रात: 11.30 बजे कलेक्ट्रेट में कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिसमें राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान का स्मरण कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जन-जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई जायेगी। इस दिन अपरान्ह 4.30 बजे खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 'रन फॉर यूनिटी' (सदभावना मार्च) का आयोजन किया जायेगा।
जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय एकता दिवस 31 अक्टूबर को राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत ग्वालियर जिला मुख्यालय पर अपरान्ह 4.30 बजे “रन फॉर यूनिटी” (सदभावना मार्च रैली) का आयोजन होगा। रन फॉर यूनिटी कम्पू स्थित खेल परिसर से शुरू होगी, जो कम्पू थाना, केआरजी कॉलेज, पद्मा विद्यालय, महावीर भवन, कम्पू चौराहा से कम्पू थाना होते हुए वापस जिला खेल परिसर पहुँचेगी और यहीं पर इस रैली का समापन होगा।
