जोधपुर अग्निकांड के बाद अग्निशमन कार्मिकों की सुरक्षा को लेकर 19 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन

कोटा। जोधपुर अग्निकांड में शहीद हुए फायरमैनों को श्रद्धांजलि देते हुए कार्यरत अग्निशमन कार्मिकों की सुरक्षा को लेकर विभिन्न जिलों के मुख्य अग्निशमन अधिकारियों, अग्निशमन अधिकारियों एवं सहायक अग्निशमन अधिकारियों द्वारा नगरीय विकास विभाग एवं स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं सचिव को 19 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

नगर निगम कोटा के मुख्य अग्निशमन अधिकारी श्री राकेश व्यास सहित अधिकारियों ने ज्ञापन के माध्यम से अग्निशमन कार्मिकों को आधुनिक एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा ड्यूटी के दौरान कार्मिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी।

ज्ञापन में अग्निशमन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के कल्याण से जुड़ी विभिन्न मांगों को भी शामिल किया गया। अधिकारियों ने कहा कि अग्निशमन कार्मिक जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, ऐसे में उन्हें पर्याप्त संसाधन, आधुनिक उपकरण और सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

ज्ञापन का उद्देश्य भविष्य में जोधपुर जैसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना तथा अग्निशमन कार्मिकों की सुरक्षा, सुविधा एवं कल्याण के लिए ठोस व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना है।