कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में 127 आमजनों की समस्याओं की हुई सुनवाई
ग्वालियर 27 अक्टूबर 2026/ कलेक्ट्रेट में मंगलवार को हुई जन-सुनवाई में 127 आमजनों की समस्यायें सुनी गईं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, अपर कलेक्टर श्री सी बी प्रसाद व श्री अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने एक – एक कर सभी आवेदकों की समस्यायें सुनीं और उनके आवेदनों के निराकरण की रूपरेखा तय की।
कलेक्ट्रेट की जन-सुनवाई में मदद की उम्मीद लेकर पहुँचे लोगों को सहायता उपलब्ध कराई गई। जन-सुनवाई में राजस्व, नगर निगम, बिजली, पुलिस इत्यादि से संबंधित समस्यायें प्राप्त हुईं। जमीन संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश सभी एसडीएम व तहसीलदारों को दिए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को तत्परता से निराकृत करने की हिदायत भी नगर निगम के अधिकारियों को दी। जनसुनवाई में मदद की आस में पहुँचे जरूरतमंदों के नि:शुल्क इलाज का इंतजाम भी कराया गया। जन-सुनवाई में कुल 127 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 86 आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही शेष 41 आवेदन विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा में निराकृत करने के लिये आवश्यक टीप के साथ दिए गए।
