काली माता मंदिर तोड़ने की कोशिश पर कोटा में बवाल

रिपोर्ट - निश्चल शर्मा कोटा। उद्योग नगर थाना क्षेत्र में जेके मल्टीमेटल फैक्ट्री के पास स्थित काली माता मंदिर को तोड़ने के प्रयास को लेकर विवाद गहरा गया। घटना के विरोध में क्षेत्रवासियों सहित शहर के विभिन्न संगठनों के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हुए और विरोध प्रदर्शन किया।

बताया जा रहा है कि मंदिर को पूर्व में भी कई बार तोड़ने का प्रयास किया जा चुका है। इसके विरोध में क्षेत्रवासियों की ओर से पुलिस थाने में कई बार शिकायतें भी दर्ज करवाई गई थीं। रविवार को दोबारा मंदिर को क्षति पहुंचाने के प्रयास की सूचना के बाद लोगों में रोष फैल गया और सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि मंदिर के समीप स्थित बंद पड़ी लोहे की फैक्ट्री के मालिक की ओर से मंदिर को हटाने/तोड़ने का प्रयास करवाया गया। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों से बातचीत की।

प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया कि मंदिर को हुई क्षति का संज्ञान लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षतिपूर्ति फैक्ट्री मालिक से करवाने तथा मामले में संबंधित पक्ष से माफी मंगवाने का भी आश्वासन दिया गया।

फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में आक्रोश बना हुआ है और लोगों ने मंदिर की सुरक्षा तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की क्षति रोकने की मांग की है।