*कालीकराई बांध 50% ही भराः 9 नवंबर से खुलेगी नहर, किसानों से कम पानी वाली फसलें बोने की अपील* सरदारपुर से राहुल राठौड़ सरदारपुर - सरदारपुर क्षेत्र के अंतर्गत लाबरिया स्थित माही परियोजना कार्यालय में गुरुवार शाम कालीकराई बांध से रबी सीजन में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने को लेकर जल संसाधन विभाग और किसानों के बीच बैठक हुई।इसमें बांध में पानी की उपलब्धता, नहर खोलने के समय और किसानों को सिंचाई के लिए पानी देने को लेकर चर्चा हुई।जल संसाधन विभाग झाबुआ के कार्यपालन यंत्री विपिन पाटीदार ने बताया कि इस वर्ष कम बारिश के कारण कालीकराई बांध करीब 50 प्रतिशत ही भर पाया है।ऐसे में रबी सीजन में पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने किसानों से कम पानी वाली फसलों की बुआई करने की अपील की, ताकि कमांड क्षेत्र के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाया जा सके। विभाग ने पूरे कमांड क्षेत्र में एक पानी उपलब्ध कराने का प्रयास करने की बात कही। अधिकारियों ने किसानों से सिंचाई के दौरान पानी की बर्बादी नहीं करने और अवैध सिंचाई रोकने में सहयोग करने की अपील की। विभाग ने अवैध सिंचाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात भी कही।नहर खोलने के समय को लेकर किसानों ने कहा कि रबी फसल के लिए ठंड का समय महत्वपूर्ण है। चर्चा के बाद 8 से 11 नवंबर के बीच नहर खोलने पर सहमति बनी। विभाग ने टेल क्षेत्र के किसानों को प्राथमिकता से पानी पहुंचाने का प्रयास करने की बात कही।बैठक में माही परियोजना के एसडीओ एचएल डावर ने किसानों से सिंचाई का बकाया राजस्व जल्द जमा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि राजस्व जमा करने वाले किसान सिंचाई सुविधा का लाभ ले सकेंगे।