*कालिकराय उप बांध में पानी छोड़ने की मांग, सरदारपुर तहसील के किसानों ने सौंपा ज्ञापन*
*किसानों ने नर्मदा माईक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से माही जल परियोजना के उप बांध कालिकराय बांध में पानी छोड़े जाने की मांग*
सरदारपुर से राहुल राठौड़
सरदारपुर (धार)। सरदारपुर तहसील के किसानों ने नर्मदा माईक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से माही जल परियोजना के उप बांध कालिकराय बांध में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि नर्मदा माईक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना की पाइपलाइन दसाई क्षेत्र में पहुंच चुकी है। पाइपलाइन के ओवर पानी को निकालने के लिए नाले में छोड़ा गया है, जो माही परियोजना के उप बांध कालिकराय बांध में आता है। इस वर्ष पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण कालिकराय बांध लगभग 60 प्रतिशत खाली रह गया है, जबकि इसे परियोजना के माध्यम से पूर्ण क्षमता से भरा जा सकता है। किसानों के अनुसार इस बांध से सरदारपुर तहसील के कई गांवों की लगभग 6,000 हेक्टेयर भूमि में प्रतिवर्ष सिंचाई होती है। इनमें राजोद,निपावली ,धारसीखेडा,झिझोटा नंदलाई,साजोद,कचनारिया,हनुमंतिया,गोंदिखेड़ा, संदला, सलवा,देविखेडा , लाबरिया आदि क्षेत्र के किसान शामिल हैं। यहां गेहूं सहित अन्य फसलों का उत्पादन होता है। साथ ही कालिकराय बांध से पीने के पानी की व्यवस्था भी की जाती है। ज्ञापन में कहा गया कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से बांध खाली रहने के कारण लाबरिया से भैंसोला क्षेत्र के हजारों किसानों के सामने सिंचाई एवं पेयजल का संकट उत्पन्न हो गया है। किसानों ने मांग की कि नर्मदा माईक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के माध्यम से सरदारपुर तहसील के ग्राम दसाई के नाले में पानी छोड़कर कालिकराय बांध को भरने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसानों को सिंचाई, पशुओं के लिए पानी एवं पेयजल की सुविधा मिल सके। किसानों ने अधिकारियों से समय रहते नर्मदा माईक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना से माही मुख्य बांध के कालिकराय उप बांध में पानी छोड़ने की व्यवस्था करने तथा किसानों की खरीफ फसल एवं पेयजल आपूर्ति के लिए आवश्यक जल उपलब्ध कराने की मांग की है ज्ञापन की कापी मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश शासन, कलेक्टर धार एवं जल संसाधन मंत्री को भी भेजी गई है।
