कॉम्बिंग गश्त के दौरान 224 फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर 274 गुण्डा व हिस्ट्रीशीटरों को किया चेक
115 स्थाई वारंटी एवं 109 गिरफ्तारी वारंटियों कुल 224 को किया गिरफ्तार और 147 गुण्डों एवं 127 हिस्ट्रीशीटरों को चेक कर दी गई सख्त हिदायत।
थाना पड़ाव पुलिस ने एक फरार इनामी आरोपी को किया गिरफ्तार और थाना गिजोर्रा पुलिस ने जुए के विरुद्ध की कार्यवाही।
होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों, बैंक-एटीएम एवं संदिग्ध वाहनों की भी की गई सघन चेकिंग।
ग्वालियर। 23.11.2026। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, फरार अपराधियों एवं वारंटियों की धरपकड़ करने तथा आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर दिनांक 22 एवं 23 नवम्बर 2026 की दरमियानी रात ग्वालियर शहर एवं देहात के थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया।
उक्त अभियान के दौरान अति. पुलिस अधीक्षक श्री जेंडेन लिगजर्पा (भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुमन गुर्जर (भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल (रापुसे) एवं अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर(रापुसे) सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने अधीनस्थ थाना प्रभारियों एवं पुलिस बल के साथ शहर एवं देहात के विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक सघन गश्त एवं चेकिंग की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने स्वयं शहर में भ्रमण कर अभियान का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर संवेदनशील इलाकों में सघन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने फरार बदमाशों, स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों, गुण्डों, हिस्ट्रीशीटरों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर पहुंचकर उनकी चेकिंग की। साथ ही जेल से रिहा होकर आए आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी भी ली गई। पुलिस द्वारा होटल, लॉज, धर्मशाला, ढाबों एवं बैंक-एटीएम की चेकिंग के साथ संदिग्ध वाहनों तथा मुंह बांधकर दोपहिया वाहन चलाने वाले व्यक्तियों की भी सघन जांच की गई।
कॉम्बिंग गश्त में 115 स्थाई एवं 109 गिरफ्तारी वारंट तामील - ग्वालियर पुलिस द्वारा चलाए गए इस व्यापक अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 115 स्थाई वारंट एवं 109 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए गए। इसके अतिरिक्त 147 गुण्डों एवं 127 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया गया। थाना पड़ाव पुलिस द्वारा एक फरार इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि थाना गिजौर्रा पुलिस द्वारा जुए के विरुद्ध एक कार्यवाही की गई। थाना पड़ाव क्षेत्र में अन्य प्रकरण में भी एक कार्यवाही की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस द्वारा कई सक्रिय बदमाशों के विरूद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की गई साथ ही गुण्डों एवं हिस्ट्रीशीटरों के रिकॉर्ड को अपडेट किया। शहर व देहात क्षेत्र की गली मौहल्लों में घूमकर पुलिस ने गुण्डे, बदमाशों की धरपकड़ की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा जिले में कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से यह कॉम्बिंग गश्त कराई गई। पुलिस टीमों द्वारा गुण्डों एवं बदमाशों तथा जिला बदर के आरोपियों के घर जाकर उनकी जानकारी ली गई, चैकिंग के दौरान प्रत्येक गुण्डा, बदमाश को चेतावनी भी दी गई कि यदि वह किसी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उनके विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। कॉम्बिंग गश्त के दौरान जेल से रिहा होकर आये आरोपियों को भी चेक किया गया। अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा की गई यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।
