कटाएघाट मेले में सजेगा संस्कृति, खेल और मनोरंजन का अनूठा संगम, 1 दिसंबर तक होंगे रंगारंग आयोजन

25 से 30 नवंबर तक स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विज्ञान प्रदर्शनी रहेंगी आकर्षण का केंद्र, 27 को रासलीला, 29 को लेजर शो और 1 दिसंबर को होगा भव्य दंगल

कटनी। शहर के ऐतिहासिक श्री बजरंग कटाएघाट मेले में इस वर्ष आस्था, संस्कृति, शिक्षा, खेल और मनोरंजन का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 24 नवंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ शुरू हुए मेले में आगामी दिनों तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों की धूम रहेगी। मेले को आकर्षक और यादगार बनाने के लिए नगर निगम द्वारा स्कूली विद्यार्थियों, बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए विविध आयोजन निर्धारित किए गए हैं।

बच्चों की प्रतिभा को मिलेगा बड़ा मंच

मेले में 25 से 30 नवंबर तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें एकल गायन, वादन, नृत्य, सामूहिक नृत्य, फैशन ड्रेस, रिकॉर्ड डांस, सामूहिक गायन और निबंध प्रतियोगिता प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके साथ ही ब्रह्माकुमारी राजयोग केंद्र का विशेष कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

वहीं, विज्ञान प्रदर्शनी में लगभग 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं अपने वैज्ञानिक मॉडल और रचनात्मक प्रयोगों का प्रदर्शन करेंगे। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही ज्ञान और नवाचार को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

रासलीला से लेकर लेजर शो और गंगा आरती तक आकर्षण

मेले में सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 27 नवंबर को कृष्ण रासलीला, 28 नवंबर को सुंदरकांड पाठ, 29 नवंबर को आकर्षक लेजर शो और 30 नवंबर को गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा खेलकूद प्रतियोगिताओं और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से मेले में पहुंचने वाले नागरिकों को उत्सव का भरपूर आनंद मिलेगा।

शासकीय योजनाओं की मिलेगी जानकारी, 1 दिसंबर को दंगल से होगा समापन

मेले में नगर निगम सहित विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा जनहितकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए प्रदर्शनी स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से अवगत कराया जाएगा।

मेले का समापन भी खास अंदाज में होगा। 1 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से रोमांचक दंगल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे पुरस्कार वितरण एवं समापन समारोह होगा।

महापौर ने नागरिकों से की सहभागिता की अपील

महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, निगमाध्यक्ष श्री मनीष पाठक एवं निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने नगर के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार और इष्ट-मित्रों के साथ अधिक से अधिक संख्या में कटाएघाट मेले में पहुंचें तथा विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आनंद लें।

उन्होंने कहा कि श्री बजरंग कटाएघाट मेला नगर की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। नागरिकों की सहभागिता से इस आयोजन की भव्यता और रौनक बढ़ेगी। इस बार मेले में बच्चों की प्रतिभा, युवाओं का उत्साह, धार्मिक आस्था और मनोरंजन का संगम नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण बनने जा रहा है।