कटनी में दो जगह लगी आग, निगम की फायर ब्रिगेड ने दिखाई मुस्तैदी; समय रहते पाया काबू

गुप्ता कॉलोनी में शॉर्ट सर्किट से फ्रिज में लगी आग, बस स्टैंड के पास विद्युत पोल भी बना आग का केंद्र; दोनों घटनाओं में टली जनहानि

कटनी। शहर में दो अलग-अलग स्थानों पर आग लगने की घटनाओं से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर निगम का अग्निशमन दल सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। फायर ब्रिगेड की तत्परता से दोनों घटनाओं में संभावित बड़ा हादसा टल गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई।

पहली घटना 10 नवंबर की सुबह करीब 6:24 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के बरही रोड ओवरब्रिज के नीचे स्थित गुप्ता कॉलोनी की है। यहां एक मकान में आग लगने की सूचना मिलने पर नगर निगम के सिविल लाइन जोन से फायर ब्रिगेड तत्काल रवाना की गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए आग को बुझाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विद्युत शॉर्ट सर्किट के कारण फ्रिज में आग लगी थी।

वहीं दूसरी घटना 9 नवंबर की रात करीब 8 बजे बस स्टैंड के आगे सूर्या होटल के सामने की है। यहां स्थापित विद्युत पोल में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही बस स्टैंड ऑडिटोरियम जोन से फायर ब्रिगेड वाहन घटनास्थल पर पहुंचा। अग्निशमन दल ने दो फायर सिलेंडरों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया।

दोनों घटनाओं में फायर टीम की तत्परता आई काम

सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र दुबे ने बताया कि दोनों स्थानों पर अग्निशमन दल ने बिना देरी किए कार्रवाई की और आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया। समय पर पहुंची फायर ब्रिगेड के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। नगर निगम का अग्निशमन अमला आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार मुस्तैद है।